प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित 19वें रोजगार मेले के दौरान देशभर के 47 स्थानों पर कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। 

इसी क्रम में झारखंड के धनबाद स्थित रेलवे ऑडिटोरियम में शनिवार के दिन रोजगार मेले का आयोजन किया गया, जहां विभिन्न विभागों एवं उपक्रमों में चयनित 76 युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इन नियुक्तियों में रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), डाक विभाग सहित अन्य उपक्रमों में चयनित युवा शामिल हैं। 

यह पहल देश में रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने तथा युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार से जोड़ने के सरकार के सतत प्रयासों का हिस्सा है।

धनबाद में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा कोडरमा सांसद श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने भाग लिया। कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री अखिलेश मिश्रा सहित रेलवे अधिकारियों की टीम उपस्थित रही।

इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि रोजगार मेले के माध्यम से प्रधानमंत्री का युवाओं को सशक्त बनाने का लक्ष्य लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं की क्षमता का देशहित में बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रोजगार मेले को माननीय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक पर्व का स्वरूप दिया गया है। 

उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से अब तक रोजगार मेलों के माध्यम से लगभग 11 लाख से अधिक युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराया गया है।

उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के अंतर्गत लगभग 1.5 करोड़ युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के “संकल्प से सिद्धि” के मंत्र को सफल बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

*आत्मनिर्भर भारत की दिशा में देश ने हासिल की नई उपलब्धियां*

केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भारत ने पिछले एक दशक में अपनी अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ किया है तथा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि यूपीआई भुगतान प्रणाली, ऑटोमोबाइल क्षेत्र, चिप निर्माण और चंद्रयान जैसी उपलब्धियां आत्मनिर्भर भारत की प्रगति को दर्शाती हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व के प्रमुख स्टार्ट-अप इकोसिस्टम में शामिल है।

*महिला सशक्तिकरण और डिजिटल साक्षरता पर विशेष बल*

माननीय केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महिला कार्यबल की भागीदारी निरंतर बढ़ रही है और “वीमेन लीड डेवलपमेंट” भारत सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि देश में लगभग तीन करोड़ महिलाएं “लखपति दीदी” बन चुकी हैं तथा महिलाओं के लिए 254 वर्किंग वुमेन हॉस्टल विकसित किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के क्षेत्र में महिलाओं की डिजिटल साक्षरता बढ़ाने के लिए कार्य किए जा रहे हैं तथा बड़ी संख्या में महिलाएं अपने बैंक खातों का संचालन स्वयं कर रही हैं।

*युवा विकसित भारत की अमृत पीढ़ी हैं*

केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने नियुक्ति प्राप्त करने वाले युवाओं को देश की “अमृत पीढ़ी” बताते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए विकसित भारत के लक्ष्य को “संकल्प से सिद्धि” तक पहुंचाने का आह्वान किया।

*रोजगार मेला प्रधानमंत्री के विचारों की सफलता का प्रमाण : ढुलू महतो*

धनबाद सांसद श्री ढुलू महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री का सतत प्रयास युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ना रहा है तथा रोजगार मेला उनके विचारों की सफलता का प्रमाण है।

*विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : राज सिन्हा*

इस अवसर पर धनबाद विधायक श्री राज सिन्हा ने कहा कि रोजगार मेला प्रधानमंत्री के “संकल्प से सिद्धि” के मंत्र को धरातल पर साकार होते हुए दिखाता है।

*प्रधानमंत्री के संबोधन से युवाओं को मिला सेवा और कर्तव्य का संदेश*

कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं, अधिकारियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए *“नागरिक देवो भवः”* के मंत्र को आत्मसात करते हुए युवाओं ने राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने तथा जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।

must read