Representational Pic

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि उनका चीन दौरा वहां के विधि व्यवस्था,आधुनिकतम तकनीक की जानकारी इत्यादि प्राप्त करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण दौरा है | उन्होंने कहा कि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा सभी राज्यों के मुख्यमंत्री को प्रत्येक वर्ष एक बार अन्य देशों में विकास से संबंधित गतिविधियों को जानने और समझने हेतु विदेश जाने का मौका दिया जाता है |

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस आधुनिक दौर में चीन दौरे से विकास संबंधी नई जानकारी मिलेगी. चीन दौरे के अनुभवों का लाभ राज्य के विकास गति को बढ़ाने में मिलेगा | मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बताया कि वे चीन  की शासन व्यवस्था को जानने की दृष्टि से बैठक करेंगे | मुख्यमंत्री ने कहा कि वे चीन में शंघाई और बीजिंग के प्रमुखों से बैठक कर जानेंगे कि कैसे वे लोग नागरीय व्यवस्था को संचालित करते हैं |

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में फूड प्रोसेसिंग की असीम संभावनाएं हैं | चीन में फूड प्रोसेसिंग यूनिट बहुत ही आधुनिक ढंग से स्थापित किए गए हैं | मुख्यमंत्री चीन में आयोजित फूड प्रोसेसिंग मेला में प्रदर्शित प्लांटों को देखेंगे और फूड प्रोसेसिंग यूनिट की पूरी जानकारी हासिल करेंगे | मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड में आधुनिक फूड प्रोसेसिंग यूनिट राज्य सरकार द्वारा लगाने की योजना है | उन्होंने कहा कि हमारे राज्य की सब्जियों की डिमांड यूरोप में भी है | झारखंड में उत्पादित सब्जियां यूरोप तक पहुंचेगी | मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 तक किसानों की आय को दोगुना करने के उद्देश्य को पूरा करने हेतु सरकार  प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है |
    
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे चीन के शंघाई जैसा टावर रांची में स्थापित करने पर विचार कर रहे हैं | चीन दौरे में टावर से संबंधित जानकारियां भी ली जाएगी | पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप के तहत चीन में स्थापित बस स्टैंड एवं बस सर्विस के संबंध में भी पूरी जानकारी ली जाएगी ताकि इन सब चीजों का इंप्लीमेंट रांची,जमशेदपुर, धनबाद इत्यादि शहरों में किया जा सके |

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी अक्टूबर माह में भी 40 से 50 किसानों को उन्नत कृषि के संबंध में प्रशिक्षण लेने के उद्देश्य से इजराइल भेजा जाएगा | उन्होंने कहा कि जो किसान प्रशिक्षण लेकर वापस अपने राज्य लौटेंगे वे अन्य किसानों को भी मास्टर ट्रेनर के रूप में जानकारी उपलब्ध कराएंगे  

 राज्य से किसानों का एक जत्था कुछ दिनों पहले उन्नत कृषि से संबंधित प्रशिक्षण लेने के उद्देश्य से इजराइल पहुंचे चुके हैं | वे वहां यह जानेंगे कि किस प्रकार कम पानी में भी आधुनिक रूप से कृषि कर ज्यादा पैदावार की जाती है | 

मुख्यमंत्री ने बताया कि आगामी नवंबर माह में राज्य में कृषि ग्लोबल समिट का आयोजन सरकार द्वारा किया जाएगा | चीन दौरे के क्रम में वे चीन के कृषि वैज्ञानिकों से भी मिलेंगे एवं कृषि समिट में झारखंड आने का आमंत्रण देंगे | मुख्यमंत्री श्री रघुवर दास ने कहा कि रांची स्थित भगवान बिरसा मुंडा संग्राहालय को हेरिटेज के रूप में विकसित किया जाएगा | इस कार्य के लिए भारत सरकार द्वारा 25 करोड़ रुपये की आवंटन राज्य को मिलेगी |

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री रघुवर दास पांच दिवसीय चीन दौरे पर जा रहे हैं | मुख्यमंत्री चीन दौरे में वहां के बिजनेस , इंडस्ट्रीज और सिविल सोसायटी के लोगों के साथ भी बैठक करेंगे | मुख्यमंत्री के साथ ग्रामीण विकास मंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा, भू- राजस्व मंत्री अमर कुमार बाउरी, विकास आयुक्त डी के तिवारी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल एवं मुख्यमंत्री के वरीय आप्त सचिव अंजन सरकार भी चीन दौरे पर जाएंगे|
 

support jharkhand state news

If you value our journalism, consider making a voluntary contribution to help us continue bringing news, stories and information to our readers.

Scan the QR code to contribute

Support Jharkhand State News via UPI

Every contribution, big or small, is appreciated.

must read