परीक्षा पे चर्चा 2024 कार्यक्रम से पहले, छात्रों के बीच परीक्षा के तनाव से निपटने के लिए अनूठी पहल, राष्ट्रव्यापी चित्रकला प्रतियोगिता का 23 जनवरी, 2024 को देश के 774 जिलों के 657 केंद्रीय विद्यालयों और 122 नवोदय विद्यालयों (एनवीएस) में आयोजन किया गया। 

इस बड़े कार्यक्रम में 60 हजार से अधिक छात्रों ने भाग लिया। इस चित्रकला प्रतियोगिता की थीम प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की लिखित पुस्तक एग्जाम वॉरियर्स के परीक्षा मंत्रों पर आधारित थी। आज नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को 'पराक्रम दिवस' के रूप में मनाया जाता है। 

इसका उद्देश्य छात्रों को महान नेता सुभाष चंद्र बोस के जीवन के बारे में प्रेरित करना और उनमें देशभक्ति की भावना पैदा करना है। यह प्रेरणादायक संदेश चित्रकला प्रतियोगिता का विषय भी था। 

छात्रों की रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए शिक्षा मंत्रालय ने देश भर के सभी स्कूलों में पेंटिंग प्रतियोगिता सहित विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया। 12 जनवरी (राष्ट्रीय युवा दिवस) से 23 जनवरी तक मैराथन दौड़, संगीत प्रतियोगिता, मीम प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर मेकिंग और योग-सह-ध्यान सत्रों जैसी गतिविधियां आयोजित की गईं। 

23 जनवरी, 2024 को छात्रों और शिक्षकों ने बड़े उत्साह और जोश के साथ चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया । स्कूली छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के संवाद कार्यक्रम के 7वें संस्करण "परीक्षा पे चर्चा 2024" के लिए मायगॉव पोर्टल पर 2.26 करोड़ लोगों का पंजीकरण दर्ज किया गया, जो देश भर के छात्रों के बीच व्यापक उत्साह को दर्शाता है। 

ये छात्र इस विशिष्ट कार्यक्रम में भाग लेने और प्रधानमंत्री के साथ बातचीत करने के लिए उत्सुक है। इस साल, परीक्षा पे चर्चा 2024 कार्यक्रम 29 जनवरी, 2024 को सुबह 11 बजे से भारत मंडपम, आईटीपीओ, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में टाउन-हॉल प्रारूप में आयोजित किया जाएगा। 

इस कार्यक्रम में लगभग 3000 प्रतिभागी प्रधानमंत्री के साथ बातचीत करेंगे। मुख्य कार्यक्रम के लिए प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश से दो छात्रों तथा एक शिक्षक और कला उत्सव के विजेताओं को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। 

इस कार्यक्रम की शुरुआत के बाद पहली बार देश के विभिन्न हिस्सों से एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों (ईएमआरएस) के सौ (100) छात्र परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में भाग लेंगे। परीक्षा पे चर्चा युवाओं के लिए तनाव मुक्त माहौल बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक बड़े आंदोलन का हिस्सा है। 

यह एक आंदोलन है जो प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के छात्रों, अभिभावकों, शिक्षकों और समाज को एक साथ लाने के प्रयासों से प्रेरित है ताकि एक ऐसे वातावरण को बढ़ावा दिया जा सके जहां प्रत्येक बच्चे की अद्वितीय व्यक्तित्व का जश्न मनाया जाए, उन्हें प्रोत्साहित किया जाए और उन्हें खुद को पूरी तरह से व्यक्त करने की छूट दी जाए। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की अग्रणी, सर्वाधिक बिकने वाली पुस्तक 'एग्जाम वॉरियर्स' इस आंदोलन को आगे बढ़ाने में सहायक है जो अंग्रेजी, हिंदी और अन्य प्रमुख क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध है। 

support jharkhand state news

If you value our journalism, consider making a voluntary contribution to help us continue bringing news, stories and information to our readers.

Scan the QR code to contribute

Support Jharkhand State News via UPI

Every contribution, big or small, is appreciated.

must read