भारतीय डाक विभाग की जनहितकारी सेवाओं एवं रक्षाबंधन के अवसर पर की गई विशेष व्यवस्थाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से सोमवार को रेलवे मेल सेवा (RMS), नियर राँची रेलवे स्टेशन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सुपरिंटेंडेंट ऑफ रेलवे मेल (SRM) सोमवार दिनांक अगस्त ३ को , श्री प्रेमजीत कुमार ने कहा कि डाक विभाग इस वर्ष भी रक्षाबंधन पर भाई-बहनों के स्नेह को समय पर गंतव्य तक पहुँचाने के लिए विशेष अभियान चला रहा है। 

देशभर में बुक की गई राखियों को प्राथमिकता के आधार पर संसाधित किया जा रहा है तथा आवश्यकता पड़ने पर वायु मार्ग (एयर नेटवर्क) के माध्यम से भी भेजा जा रहा है। रक्षाबंधन तक रविवार को भी विशेष डिलीवरी तथा आवश्यकतानुसार निर्धारित समय के बाद भी राखियों का वितरण किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि रेलवे मेल सेवा (RMS), राँची अब सप्ताह के सातों दिन 24 घंटे कार्यरत रहेगी। कार्यालय में तीन शिफ्टों—सुबह 6:00 बजे से 2:00 बजे, दोपहर 2:00 बजे से रात 10:00 बजे तथा रात 10:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक निरंतर कार्य होगा। अब नागरिक किसी भी समय स्पीड पोस्ट, पार्सल, साधारण पत्र, बुक पोस्ट, पत्र-पत्रिकाएँ एवं अन्य डाक सामग्री की बुकिंग करा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि भारतीय डाक विभाग देशभर के व्यापारियों, स्टार्टअप, ऑनलाइन विक्रेताओं, स्वयं सहायता समूहों एवं उद्यमियों के लिए ई-कॉमर्स समाधान (E-Commerce Solutions) उपलब्ध करा रहा है। इसके साथ ही डोर-स्टेप पार्सल पिकअप सुविधा के माध्यम से ग्राहक घर या प्रतिष्ठान से ही ऑनलाइन बुकिंग कर पार्सल भेज सकते हैं। डाक कर्मी स्वयं उनके परिसर से पार्सल प्राप्त कर सुरक्षित रूप से गंतव्य तक पहुँचाते हैं।

श्री प्रेमजीत कुमार ने भारतीय डाक विभाग की "लॉजिस्टिक्स पोस्ट" सेवा की भी विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब व्यापारी फुल ट्रक लोड (FTL) एवं हाफ ट्रक लोड (LTL) सुविधा के साथ अपने व्यावसायिक माल, कमर्शियल पार्सल, मशीनरी, तैयार उत्पाद एवं अन्य बड़े सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक सुरक्षित और तेज़ी से भेज सकते हैं। 

इस सेवा में जिस स्थान से वाहन में माल लोड कर सील किया जाता है, वह सील सीधे गंतव्य स्थल पर पहुँचकर ही खोली जाती है, जिससे माल की सुरक्षा सुनिश्चित होती है। उन्होंने बताया कि झारखंड के अधिकांश प्रमुख मार्गों पर लगभग 12 घंटे के भीतर डिलीवरी का लक्ष्य रखते हुए यह सेवा संचालित की जा रही है। यह सेवा व्यापारियों, उद्योगों, थोक विक्रेताओं तथा बड़े संस्थानों के लिए एक विश्वसनीय, सुरक्षित एवं किफायती परिवहन विकल्प है।

कार्यक्रम में IRM श्री दिवाकर कुमार, मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव श्री संदीप कुमार महतो तथा मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव श्री राहुल कुमार भी उपस्थित रहे। रेलवे मेल सेवा के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा विभिन्न समाचार पत्रों, टीवी चैनलों और डिजिटल मीडिया के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम के अंत में IRM श्री दिवाकर कुमार ने सभी मीडिया प्रतिनिधियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि भारतीय डाक विभाग आधुनिक तकनीक, विश्वसनीयता और जनसेवा की भावना के साथ आम नागरिकों एवं व्यापारिक समुदाय को बेहतर, तेज़ और सुरक्षित सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

support jharkhand state news

If you value our journalism, consider making a voluntary contribution to help us continue bringing news, stories and information to our readers.

Scan the QR code to contribute

Support Jharkhand State News via UPI

Every contribution, big or small, is appreciated.

must read