दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों तक सहायक उपकरणों एवं पुनर्वास सेवाओं की पहुँच को और अधिक सुदृढ़, त्वरित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में भारत सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (DEPwD), सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक उपक्रम आर्टिफिशियल लिम्ब्स मैन्युफैक्चरिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (ALIMCO) के पूर्वी क्षेत्रीय कार्यालय (Eastern Zonal Office) का शुभारंभ रांची के हिनू में किया।

यह कार्यालय पूर्वोत्तर क्षेत्र सहित 13 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को सेवाएँ प्रदान करेगा तथा लगभग ₹277 करोड़ के अनुमानित सेवा दायरे के अंतर्गत लगभग 2.50 लाख दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों तक उच्च गुणवत्ता वाले सहायक उपकरणों एवं पुनर्वास सेवाओं की त्वरित, सुलभ एवं प्रभावी पहुँच सुनिश्चित करेगा। यह पहल न केवल लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुँच को और अधिक सशक्त बनाएगी, बल्कि सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, हितधारकों के साथ बेहतर समन्वय तथा अंतिम छोर तक सेवा वितरण (Last Mile Delivery) को भी नई गति प्रदान करेगी।

इस अवसर पर ALIMCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री प्रवीण कुमार ने कहा कि पूर्वी क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना ALIMCO के विकेन्द्रीकृत एवं सशक्त सेवा वितरण मॉडल की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय कार्यालयों को अधिक अधिकार और जिम्मेदारियाँ प्रदान कर निर्णय प्रक्रिया को तेज़ बनाया जा रहा है, जिससे लाभार्थियों तक सेवाएँ समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुँच सकें।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में देशभर में 107 प्रधानमंत्री दिव्याशा केन्द्र (PMDVK) संचालित हो रहे हैं, जिनके माध्यम से अब तक तीन लाख से अधिक लाभार्थियों को लगभग ₹500 करोड़ मूल्य के सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में प्रत्येक जिले तक PMDVK की पहुँच सुनिश्चित कर सेवा वितरण को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।

श्री प्रवीण कुमार ने कहा कि ALIMCO लगातार अनुसंधान, नवाचार और गुणवत्ता सुधार पर कार्य कर रहा है। उन्होंने निगम द्वारा विकसित नई इलेक्ट्रिक मोबिलिटी स्कूटी सहित अन्य आधुनिक सहायक तकनीकों का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका उद्देश्य दिव्यांगजनों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं गरिमापूर्ण गतिशीलता प्रदान करना है। उन्होंने केंद्रीय बजट में घोषित असिस्टिव टेक्नोलॉजी मार्ट (AT Mart) की अवधारणा का भी उल्लेख किया, जहाँ विभिन्न प्रकार के सहायक तकनीकी उत्पाद एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे, जिससे लोगों को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद आसानी से प्राप्त हो सकेंगे।

उन्होंने कहा कि ALIMCO केवल सहायक उपकरण उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी स्थापना, मरम्मत, अनुरक्षण, लाभार्थियों से फीडबैक तथा निरंतर फॉलो-अप सहित एंड-टू-एंड सेवा प्रणाली विकसित कर रहा है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि पूर्वी क्षेत्रीय कार्यालय से एक मोबाइल सर्विस वैन संचालित की जाएगी, जो दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में जाकर लाभार्थियों को सेवा एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएगी।

पूर्वी क्षेत्रीय प्रमुख श्री अनुपम प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि रांची का भौगोलिक स्थान पूर्वी एवं पूर्वोत्तर भारत के लिए अत्यंत रणनीतिक है। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय के माध्यम से सहायक उपकरणों की आपूर्ति, पुनर्वास सेवाओं, आफ्टर-सेल्स सपोर्ट तथा राज्य सरकारों एवं अन्य हितधारकों के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित होगा, जिससे अंतिम छोर तक सेवाओं की पहुँच और अधिक सशक्त होगी।

झारखंड सरकार के सामाजिक कल्याण विभाग के प्रतिनिधियों ने पूर्वी क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना पर कहा कि यह पहल दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों तक सरकारी योजनाओं की प्रभावी पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विभाग की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

समग्र क्षेत्रीय केंद्र (CRC), रांची के निदेशक ने कहा कि ALIMCO और CRC के बीच वर्षों से चल रहा सहयोग दिव्यांगजनों के पुनर्वास एवं सशक्तिकरण को नई दिशा दे रहा है।उन्होंने पुनर्वास, कौशल विकास, रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण तथा सहायक तकनीक के क्षेत्र में ALIMCO के साथ मिलकर कार्य करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम में ALIMCO के वरिष्ठ अधिकारियों, झारखंड सरकार के अधिकारियों, सामाजिक कल्याण विभाग, CRC रांची, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों, मीडिया कर्मियों तथा बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।

support jharkhand state news

If you value our journalism, consider making a voluntary contribution to help us continue bringing news, stories and information to our readers.

Scan the QR code to contribute

Support Jharkhand State News via UPI

Every contribution, big or small, is appreciated.

must read