मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन से आज झारखंड मंत्रालय में श्री महावीर मंडल रांची के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से रामनवमी त्योहार को लेकर चर्चा की।

 बातचीत के क्रम में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि कोरोना महामारी के मद्देनजर राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के निर्देशानुसार ही रामनवमी त्योहार मनाया जाएगा। 

गाइडलाइन का पूरा अनुपालन करते हुए पूजा-अनुष्ठान किया जाएगा। किसी भी प्रकार से गाइडलाइन का उल्लंघन न हो इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने श्री महावीर मंडल रांची के प्रतिनिधिमंडल से अपील किया कि भगवान के प्रति हृदय में आस्था और पूरी निष्ठा रखते हुए अपने-अपने घरों पर रहकर ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में रामनवमी त्योहार मनाएं। 

राज्य सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का अनुपालन करते हुए स्वयं के साथ-साथ अपने परिजनों को भी सुरक्षित रखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में संक्रमण में तेजी आयी है। संक्रमण के बढ़ते प्रसार को ध्यान में रखते हुए हमसभी लोगों को सरकार द्वारा कोरोना वायरस से बचाव के दिशा-निर्देशों का सख्त अनुपालन करना जरूरी है ताकि महामारी को नियंत्रित रखा जा सके। मौके पर श्री महावीर मंडल रांची के अध्यक्ष श्री विक्रम सिंह, पूर्व अध्यक्ष श्री राजीव रंजन मिश्र, पूर्व अध्यक्ष श्री रामधन वर्मा, मंत्री श्री राहुल सिन्हा चंकी, कार्यकारी अध्यक्ष श्री राज किशोर, रामनवमी श्रृंगार समिति के अध्यक्ष श्री सागर वर्मा सहित श्री अभिनव आनंद उपस्थित थे।

-----------------------------Advertisement------------------------------------
-----------------------------Advertisement------------------------------------

must read