भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय, गुमला द्वारा धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य पर आयोजित हो रहे समारोहों के क्रम में झारखंड में खूंटी जिला के कालामाटी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय परिसर में 'आजादी का अमृत महोत्सव', 'झारखंड के वीर स्वतंत्रता सेनानी', 'जनजातीय गौरव दिवस' विषयों पर रंगोली, चित्रांकन एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। साथ ही विद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान का भी आयोजन किया गया।

इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कालामाटी की वार्डन श्रीमती ज्योति कुमारी के साथ शिक्षिकाओं में मीनू बड़ाईक, रेणुका कुमारी, इरोज आइंद, मनोनीत होरो, करुणा शंकर त्रिपाठी, सलिल कुंडू, शिल्पा झा, मेरी प्रेमलता आइन्द, रीना लकड़ा और केंद्रीय संचार ब्यूरो गुमला की क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी श्रीमती महविश रहमान उपस्थित रहीं।

अपने संबोधन में क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी श्रीमती महविश रहमान ने कहा कि देश की आजादी में अहम योगदान और अपने प्राणों की आहुति देकर धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने खूंटी की माटी को अमर कर दिया और पूरे देश में एक महान क्रांतिकारी के रूप में जाने गए। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने भारतीय इतिहास और संस्कृति में जनजातियों के विशेष स्थान और योगदान को सम्मानित करने व पीढ़ियों को इस सांस्कृतिक विरासत के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को "जनजातीय गौरव दिवस" घोषित करने का निर्णय ​लिया। इसी क्रम में केंद्रीय संचार ब्यूरो, गुमला द्वारा इस विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

वार्डन श्रीमती ज्योति कुमारी ने केंद्रीय संचार ब्यूरो, गुमला की सराहना करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम से हम जनजातीय वीरों और वीरांगनाओं की महती भूमिका को याद कर सकेंगे जिन्होंने आजादी के लिए अदम्य साहस दिखाया और अपने प्राणों की आहुति दी। साथ ही उन्होंने उपस्थित छात्राओं से अपील की कि वे अपने घरों एवं विद्यालय की साफ सफाई रखें जिससे वे कई बीमारियों से बच सकेंगे। अंत में उन्होंने उपस्थित सभी लोगों को स्वच्छता शपथ ग्रहण करवाया।

प्री प्रोगाम कार्यक्रम के दूसरे चरण में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कालामाटी के प्रांगण में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गई जिस के तहत पहले रंगोली एवं चित्रांकन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिस में प्रतिभागियों ने आकर्षक कलाकृति के माध्यम से 'झारखंड के वीर स्वतंत्रता सेनानी' विषय पर संदेश दिया। इस दौरान जनजातीय संस्कृति एवं गौरव से जुड़ी शिक्षाप्रद पेंटिंग भी बनाई गईं। तत्पश्चात निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिस में भारी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया।

*विशेष कार्यक्रम का आयोजन 11 नवंबर को* 

आजादी का अमृत महोत्सव के तहत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कालामाटी के प्रांगण में 11 नवंबर को विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जायेगा। इस अवसर पर रैली, सेमिनार, सांस्कृतिक गीत एवं नृत्य, नुक्कड़ नाटक आदि का आयोजन होगा। साथ ही रंगोली, निबंध, क्विज़ आदि प्रतियोगिताओं के 20 विजई प्रतिभागियों को मुख्य एवं गणमान्य अतिथियों के हाथों पुरस्कृत किया जाएगा।

*केंद्रीय संचार ब्यूरो रांची के द्वारा पांच दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का उद्घाटन 15 नवंबर को*

ज्ञात हो कि भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय, रांची द्वारा 15 नवंबर को पांच दिवसीय मल्टीमीडिया प्रदर्शनी का उद्घाटन खूंटी स्थित बिरसा मुंडा कॉलेज परिसर में जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री माननीय श्री अर्जुन मुंडा के कर कमलों द्वारा किया जायेगा। इस प्रदर्शनी में भगवान बिरसा मुंडा के साथ शहीद बुधु भगत, सिद्धू-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, शेख भिखारी, तेलंगा खड़िया, फूलो जाहनो, टिकैत उमराव सिंह जैसे विभिन्न जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को भी रेखांकित किया जाएगा। साथ ही भगवान बिरसा मुंडा के पैतृक आवास उलीहातू, खूंटी में भी केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय रांची द्वारा उनकी जीवनी पर चित्र प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

support jharkhand state news

If you value our journalism, consider making a voluntary contribution to help us continue bringing news, stories and information to our readers.

Scan the QR code to contribute

Support Jharkhand State News via UPI

Every contribution, big or small, is appreciated.

must read