राज्यस्तरीय जवाहरलाल नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 के आयोजन से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। दिनांक 17-19 अगस्त, 2025 तक होने वाली इस प्रतियोगिता के आयोजन के संबंध में आज राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव श्री धीरसेन सोरेंग की अध्यक्षता में अहम् बैठक आयोजित की गयी। बैठक में आयोजन से जुडी सभी समितियों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। 

 

आयोजन सचिव ने समितियों को निर्देशित किया कि आयोजन के दौरान भोजन, स्वास्थ्य और आवासन का उत्तम प्रबंध सुनिश्चित किया जाए। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को किसी तरह की कोई परेशानी का सामना ना करना पड़े। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य हॉकी के खेल को बढ़ावा देना, खिलाड़ियों को कौशल दिखाने का अवसर प्रदान करना और छात्रों के बीच खेल भावना को बढ़ावा देना है।

*आयोजन में भाग लेंगे 1152 खिलाडी*

राज्यस्तरीय जवाहरलाल नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 में राज्य के हर जिले से 16 खिलाड़ी, 1 कोच और 1 मैनेजर शामिल हो रहे हैं।अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालिका और अंडर-17 बालक वर्ग में होने वाली इस प्रतियोगिता में 1152 खिलाड़ी अपने खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके अलावा 24 कोच और 24 टीम मैनेजर भी प्रतियोगिता में शामिल हो रहे है। 

 

यह प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट आधार पर आयोजित की जाएगी और जवाहरलाल नेहरू हॉकी टूर्नामेंट सोसाइटी द्वारा निर्धारित नियमों और कानूनों के अनुसार खेली जाएगी । जिला स्तरीय प्रतियोगिता दिनांक 15 से 20 जुलाई 2025 तक आयोजित हो चुकी है। जिला स्तर से चयनित विजेता टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगी । 

 

राज्य स्तर पर प्रत्येक वर्ग (अंडर-15 बालक, अंडर-17 बालक और अंडर-17 बालिका) की विजेता टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। राष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले, विजेता टीमों के लिए 21-दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।

*झारखंड अबतक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दस बार बना चैंपियन*

राष्ट्रीय जवाहरलाल नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड का इतिहास शानदार रहा है। प्रतियोगिता में झारखंड अबतक दस बार चैंपियन बन चुका है। इस प्रतियोगिता में आखिरी बार 2023 में झारखंड चैंपियन बना था। तब मिजोरम में आयोजित राष्ट्रीय जवाहरलाल नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता में सीएम स्कूल ऑफ़ एक्सीलेंस, बरियातू की अंडर 17 बालिका टीम ने झारखंड को चैंपियन बनने का गौरव दिया था। झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का प्रयास है कि इस वर्ष अक्टूबर में नयी दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय जवाहरलाल नेहरू कप हॉकी प्रतियोगिता 2025-26 में भी झारखंड को यह गौरव मिले।

support jharkhand state news

If you value our journalism, consider making a voluntary contribution to help us continue bringing news, stories and information to our readers.

Scan the QR code to contribute

Support Jharkhand State News via UPI

Every contribution, big or small, is appreciated.

must read