मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी तथा ठंड के इस मौसम में गरीब, जरूरतमंद और निराश्रितों को मदद करना हमसभी का कर्तव्य है। ऐसे वर्ग के लोगों के लिए ठंड का मौसम काफी पीड़ादायक होता है। 

इन्हें सामाजिक सहयोग एवं सुरक्षा देना हम सबकी जिम्मेवारी है। जरूरतमंदों को आवश्यकतानुरूप साधन उपलब्ध कराने हेतु राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। उक्त बातें मुख्यमंत्री ने आज संत जेवियर स्कूल डोरंडा में "मिशन वन मिलियन स्माइल्स" द्वारा आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहीं।

*जन-जीवन सामान्य हो इस निमित्त राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत*

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य में जन-जीवन सामान्य हो इसको लेकर राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत जेवियर स्कूल परिसर में वर्षों से बच्चों की किलकारियां गूंजती आई हैं परंतु आज वैश्विक महामारी को लेकर स्कूल परिसर में शांत माहौल है। कोरोना वायरस महामारी के संकट को देखते हुए कई व्यवस्थाओं में बड़े बदलाव हुए हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि महामारी की इस चुनौती को स्वीकार करते हुए मानव जीवन ने खुद को सुरक्षित रखने के लिए नए-नए तरीकों और व्यवस्थाओं को अपनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने सावधानीपूर्वक कदम उठाते हुए 10वीं और 12वीं क्लास में अध्ययनरत बच्चे पुनः स्कूलों में आकर पढ़ाई कर सके इस निमित्त स्कूलों को खोलने का निर्णय लिया है।

 फिलहाल संक्रमण के भय से स्कूलों में आने वाले बच्चों की संख्या बहुत अधिक नहीं है पर हमसबों को मन में निराशा का भाव नहीं रखना है। खुद की सुरक्षा, दूसरों की सुरक्षा का ख्याल रखते हुए सभी का सहयोग लेकर आगे का सफर तय करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई क्षेत्रों में चुनौती सामने है पर इन चुनौतियों से घबराने की जरूरत नहीं है। मुसीबतें आती हैं और जाती हैं ऐसे हालात में सबका सहयोग लेकर इन चुनौतियों से निपटते हुए आगे बढ़ेंगे और सभी बाधाओं को पार करेंगे।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने जिला प्रशासन, स्कूल प्रबंधन एवं "मिशन वन मिलियन स्माइल्स" द्वारा आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि आपके द्वारा सामाजिक सुरक्षा का दायित्व बखूबी निभाया जा रहा है। गरीबों और जरूरतमंदों के प्रति अपनी संवेदनाओं को आपने प्रकट किया है। आगे भी इसी तरह आपसी समन्वय बनाकर सामाजिक उन्नति हेतु कार्य करते रहने की आवश्यकता है। मौके पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने स्कूल प्रांगण में उपस्थित जरूरतमंद बच्चों एवं महिलाओं के बीच ऊनी वस्त्र एवं कंबल का वितरण भी किया।

इस अवसर पर संत जेवियर स्कूल डोरंडा के प्रिंसिपल फादर संजय केरकेट्टा, उपायुक्त रांची श्री छवि रंजन, "मिशन वन मिलियन स्माइल्स" मुहिम के समन्वयक सह उपसमाहर्ता श्री संजय पांडेय सहित महिलाएं एवं बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

support jharkhand state news

If you value our journalism, consider making a voluntary contribution to help us continue bringing news, stories and information to our readers.

Scan the QR code to contribute

Support Jharkhand State News via UPI

Every contribution, big or small, is appreciated.

must read